घटना के समय उम्र थी 17 साल 10 महीने, स्कूल के दस्तावेजों से हुई पुष्टि, कोर्ट ने किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश करने के दिए निर्देश
मुंबई (एजेंसी)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी शूटर को अदालत ने नाबालिग माना है। विशेष मकोका अदालत ने जांच में उसकी उम्र घटना के समय 17 साल 10 महीने पाई। स्कूल के दस्तावेजों से जन्मतिथि की पुष्टि होने के बाद अदालत ने उसे आगे की कार्रवाई के लिए किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के सामने पेश करने का निर्देश दिया है।
यह मामला 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग से जुड़ा है। आरोपी इस मामले में गिरफ्तार होने वाला पहला व्यक्ति था। उसे 19 अक्टूबर को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया गया था। वह 30 नवंबर को 18 वर्ष का होने वाला है। आरोपी के पिता ने अदालत में याचिका दायर कर दावा किया था कि घटना के समय उनका बेटा 18 वर्ष से कम उम्र का था। इसलिए उसके खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। इस पर अदालत ने उसकी उम्र की जांच के आदेश दिए थे। विशेष न्यायाधीश सत्यनारायण आर. नवंदर ने किशोर न्याय अधिनियम की धारा 9 के तहत उम्र की जांच कराई। बुधवार को पेश रिपोर्ट में जांच अधिकारी ने आरोपी की जन्मतिथि 30 नवंबर 2008 बताई। उम्र की पुष्टि के लिए पुलिस ने स्कूल छोड़ने का प्रमाण-पत्र, माध्यमिक परीक्षा का प्रमाण-पत्र और स्कूल के प्रवेश एवं नाम वापसी रजिस्टर की जांच की। इसके अलावा जन्म पंजीकरण रिकॉर्ड और जन्म प्रमाण-पत्र भी देखे गए। आरोपी ने अपने दावे के समर्थन में जन्म प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड की छायाप्रति भी जमा की थी।
पहले तीन अदालतों में पेश हुआ था आरोपी
अदालत ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को तीन अदालतों में पेश किया गया था। इनमें सोनीपत की ट्रांजिट मजिस्ट्रेट अदालत, मुंबई के एस्प्लेनेड स्थित अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत और विशेष मकोका अदालत शामिल हैं। मामले में मकोका कानून लगाए जाने के बाद उसे विशेष मकोका अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने पहले कहा था कि आरोपी या उसके वकीलों ने इन अदालतों में उसकी उम्र का मुद्दा नहीं उठाया था। वहीं, आरोपी ने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने उसे नाबालिग होने की बात बताने से रोका और वकीलों से मिलने के पर्याप्त अवसर भी नहीं दिए। आरोपी के खिलाफ पहले मोटरसाइकिल चोरी का मामला भी दर्ज है। उसका दावा है कि किशोर अदालत ने उस मामले में उसे बरी कर दिया था।
टाइगर श्रॉफ की कार पर चली थीं पांच गोलियां
18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में एक फुटबॉल मैदान से निकलते समय टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी। आरोप है कि दो शूटरों ने मोटरसाइकिल सवार के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे और उन्हें मामूली खरोंचें आई थीं। हालांकि, उनके चालक और मौके पर मौजूद एक व्लॉगर को गोली लगी थी। बाद में लॉरेंस गैंग के कथित सदस्य अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस ने उसे इस मामले में वांछित आरोपी बताया है। मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब तक 13 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, दो महिलाओं समेत चार और गिरफ्तार

