पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों से संवाद, लाइब्रेरी का उपयोग बढ़ाने और खेल गतिविधियों में सक्रिय रहने की दी सलाह
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। शासकीय ई.वी. पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने तथा कॉलेज के साथ-साथ जिले में उपलब्ध पुस्तकालयों का अधिकतम उपयोग करने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को बेहतर शैक्षणिक और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में खेल अधोसंरचना का तेजी से विकास किया जा रहा है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने जानकारी दी कि पीजी कॉलेज परिसर में टर्फ मैदान विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। वहीं, प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम में आधुनिक एस्ट्रोटर्फ मैदान तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा बॉक्सिंग, तीरंदाजी सहित विभिन्न खेलों के लिए भी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।कलेक्टर ने कहा कि आने वाले समय में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई नई योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा और खेल दोनों जरूरी
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा और खेल का संतुलन ही व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का आधार है। खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बताया कि जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से खनन प्रभावित एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने युवाओं से विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
पीजी कॉलेज के निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का कलेक्टर दुदावत ने किया निरीक्षण

