रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। भारतीय क्रिकेट जगत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर जल्द ही अपने परिवार सहित छत्तीसगढ़ दौरे पर आने वाले हैं। वे 22 अप्रैल को दंतेवाड़ा प्रवास पर रहेंगे, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

दौरे के दौरान सचिन तेंदुलकर अबूझमाड़ क्षेत्र से लगे इंद्रावती नदी के तट पर बसे ग्राम छिंदनार पहुंचेंगे। यहां वे ग्रामीण बच्चों के साथ क्रिकेट खेलेंगे और उनसे आत्मीय संवाद भी करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे।बताया जा रहा है कि सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन द्वारा छिंदनार क्षेत्र में ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने और बच्चों को खेल प्रशिक्षण देने के लिए पहले से प्रयास किए जा रहे हैं। जब यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित था, तब भी फाउंडेशन ने यहां काम शुरू किया था। अब बस्तर को नक्सलमुक्त घोषित किए जाने के बाद सचिन स्वयं यहां पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन करेंगे।
अंजलि तेंदुलकर ने किया था दौरा
उल्लेखनीय है कि हाल ही में उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर और पुत्री सारा तेंदुलकर ने भी छत्तीसगढ़ का दौरा किया था। उन्होंने मुंगेली स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व के वनांचल ग्राम बम्हनी पहुंचकर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली थी। इसके बाद बिलासपुर के गनियारी जन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से चर्चा की थी। सचिन तेंदुलकर के बस्तर आगमन की खबर से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। खासकर बच्चों और युवाओं में उनके स्वागत को लेकर विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।

