‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 5 किमी मैराथन का आयोजन, महापौर ने बताया पर्यावरण संरक्षण की सराहनीय पहल
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को ‘रन फॉर ग्रीन’ 5 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया। घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान से शुरू हुई इस मैराथन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के लिए आयोजित ‘रन फॉर ग्रीन’ जिला प्रशासन एवं नगर निगम की सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत-हरित भारत-समृद्ध भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण कदम है। महापौर ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। मैराथन घंटाघर से सुभाष चौक, शास्त्री चौक, तानसेन चौक, वीआईपी मार्ग, जैन चौक और महाराणा प्रताप चौक होते हुए पुनः ओपन थिएटर मैदान पहुंची। इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि आगामी 60 दिनों तक कोरबा में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक परिवार ‘एक पेड़ मां के नाम’ अवश्य लगाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वन विभाग और नगर निगम पौधरोपण एवं संरक्षण में हर संभव सहयोग करेंगे।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि शहरवासियों और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस अभियान की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। भारतीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी एवं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ विजेता टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि “जब तक आप स्वयं हार नहीं मानते, तब तक कोई आपको हरा नहीं सकता।” उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान महापौर, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर, वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय तथा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मैराथन के विजेता
5 किलोमीटर मैराथन में बालिका वर्ग में नेहा साहू तथा बालक वर्ग में मनीष कुमार प्रथम रहे। दोनों विजेताओं को 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों सहित शीर्ष-10 धावकों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
हजारों लोगों की रही भागीदारी
‘रन फॉर ग्रीन’ में जिला प्रशासन, नगर निगम, वन विभाग, शिक्षा विभाग, एनटीपीसी, बालको, एसईसीएल, विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, जेसीआई, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरित कोरबा का संदेश दिया।

