गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में पुलिस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चौकी खोडऱी में पदस्थ आरक्षक खोगेश्वर मैत्री को निलंबित कर दिया है। उन पर व्यापारियों से अवैध वसूली करने का आरोप है।
बता दें कि 20 अप्रैल को ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि आरक्षक सड़क से गुजरने वाले व्यापारिक वाहनों को रोककर पैसों की मांग करता था। इसके बाद एक वीडियो सामने आया, जिसमें आरक्षक वाहन चालक से पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग हरकत में आया।
थाना प्रभारी गौरेला की गोपनीय रिपोर्ट और वीडियो के आधार पर आरक्षक का कृत्य सेवा आचरण नियमों और पुलिस रेगुलेशन के विपरीत पाया गया। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में आरक्षक का मुख्यालय रक्षित आरक्षी केंद्र गौरेला-पेंड्रा-मरवाही निर्धारित किया गया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

