कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत हसदेव बांध के समीप एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान नंदिनी मेहर (30 वर्ष), पिता नरेश मेहर, निवासी नीलगिरी सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नंदिनी ब्यूटी पार्लर का कार्य सीखने के लिए प्रतिदिन बाहर जाती थी। मंगलवार सुबह परिजनों को उसके घर में नहीं होने की जानकारी मिली। इसी दौरान आसपास के लोगों ने सूचना दी कि हसदेव नदी में एक युवती का शव मिला है। सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।

