राज ज्वेलर्स लूटकांड के तीनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में एक जुलाई को हुई सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने पूरा खुलासा कर दिया है। महिला का वेश धारण कर वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी विष्णु राठिया को कोरबा पुलिस ने कर्नाटक के हिंदूपुर औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले के तीनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई की दोपहर तीन बदमाश ग्राहक बनकर राज ज्वेलर्स पहुंचे थे। आरोपियों ने कर्मचारियों पर कट्टा तानकर उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी महिला के भेष में दिखाई दिया। पुलिस ने पहले ही दो आरोपी गोपाल सिंह और परदेशी राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी विष्णु राठिया फरार चल रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोरबा पुलिस की विशेष टीम कर्नाटक के हिंदूपुर इंडस्ट्रियल एरिया पहुंची, जहां विष्णु राठिया मजदूर बनकर पहचान छिपाते हुए रह रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि विष्णु राठिया ही महिला का वेश धारण कर ज्वेलरी दुकान में दाखिल हुआ था और वारदात में अहम भूमिका निभाई थी। आरोपी से लूटे गए जेवरात, वारदात में इस्तेमाल हथियार तथा अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपी को कोरबा लाकर न्यायालय में पेश करेगी।
छुरी के राज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा : जेल में हुई थी दोस्ती, रिहाई के बाद रची लूट की साजिश

