कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के छुरी क्षेत्र में बुधवार दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े राज ज्वैलर्स को निशाना बनाते हुए लूट की कोशिश की। तीन नकाबपोश आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और कट्टा व चाकू की नोक पर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1 बजे तीनों आरोपी दुकान पहुंचे, जिनमें एक बदमाश सलवार-सूट पहनकर महिला के वेश में था। आरोपियों ने पहले सोने की अंगूठी दिखाने को कहा और मौका मिलते ही दुकान में मौजूद कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद कट्टा और चाकू दिखाकर कर्मचारियों को धमकाते हुए काउंटर से जेवरात समेटने लगे। वारदात के दौरान दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया। इस दौरान भाग रहे आरोपियों को पकड़ने की कोशिश में पास के एक दुकानदार को चाकू लग गया। विरोध करने पर एक आरोपी ने संचालक के हाथ में दांत से काट लिया और साथी मौके से फरार हो गए।
कट्टा और बाइक छोड़ भागे आरोपी
संचालक की बहादुरी के कारण बड़ी वारदात टल गई। घबराहट में आरोपी अपना कट्टा और प्लेटिना बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले। जल्दबाजी में वे कुछ नकली जेवरात लेकर ही फरार हो सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है।

