प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के लिए जारी किए दिशा-निर्देश, कंपनी से संबंधित खबरों और प्रचार सामग्री में अब नए लोगो का होगा इस्तेमाल
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने अपना नया आधिकारिक लोगो जारी कर दिया है। कंपनी के जनसंपर्क विभाग ने इस संबंध में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े सभी प्रतिनिधियों एवं मीडिया संस्थानों से भविष्य में कंपनी से संबंधित समाचारों और प्रचार-प्रसार सामग्री में नए प्रतीक चिह्न का उपयोग करने की अपील की है।
एसईसीएल के जनसंपर्क विभाग, बिलासपुर की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि कंपनी का नया लोगो अब आधिकारिक रूप से जारी हो चुका है। ऐसे में मीडिया संस्थान पहले से उपयोग किए जा रहे पुराने लोगो के स्थान पर नए आधिकारिक लोगो का इस्तेमाल सुनिश्चित करें। कंपनी ने समाचार पत्रों, डिजिटल न्यूज पोर्टल, सोशल मीडिया पोस्ट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की खबरों और अन्य प्रकाशनों में नए लोगो के उपयोग का अनुरोध किया है। ये दिशा-निर्देश प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े सभी प्रतिनिधियों के लिए जारी किए गए हैं।
आधिकारिक पहचान में एकरूपता लाना उद्देश्य
एसईसीएल प्रबंधन की इस पहल का उद्देश्य कंपनी की आधिकारिक पहचान और संचार सामग्री में एकरूपता बनाए रखना है। नए लोगो के जारी होने के बाद कंपनी ने मीडिया संस्थानों से पुराने प्रतीक चिह्न को हटाकर नए आधिकारिक लोगो को अपनाने का आग्रह किया है। एसईसीएल के जनसंपर्क विभाग ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कंपनी से संबंधित भविष्य की सभी समाचार एवं प्रचार सामग्री में नए लोगो का उपयोग करने का अनुरोध किया है।

