रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम (सेजस) और स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी तेज हो गई है। राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए राज्य स्तरीय केंद्रीयकृत परीक्षा आयोजित कराने का निर्णय लिया है। विशेष बात यह है कि लिखित परीक्षा के दिन ही शाम तक परिणाम और मेरिट सूची जारी करने की तैयारी की जा रही है।
सरकार का लक्ष्य 15 जुलाई तक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करना है, ताकि नए शैक्षणिक सत्र में शिक्षकों और कर्मचारियों की कमी दूर की जा सके। इसके चलते शिक्षा विभाग ने फिलहाल जिला स्तर पर चल रही संविदा भर्ती प्रक्रियाओं पर रोक लगा दी है। भर्ती परीक्षा का आयोजन निजी एजेंसी के माध्यम से कराया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। साथ ही प्रदेश के सभी जिलों से स्कूलवार रिक्त पदों की जानकारी मांगी गई है। रिक्तियों का ब्यौरा मिलने के बाद विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के तहत विद्यालयों में बड़ी संख्या में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पद भरे जाएंगे।
शैक्षणिक पदों में व्याख्याता (हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, भूगोल, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान, वाणिज्य, रसायन विज्ञान एवं भौतिकी), शिक्षक (हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, कला, विज्ञान एवं गणित), प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर के प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक तथा व्यायाम शिक्षक शामिल हैं। गैर-शैक्षणिक पदों में ग्रंथपाल, कंप्यूटर शिक्षक, प्रयोगशाला सहायक, सहायक ग्रेड-2, सहायक ग्रेड-3, भृत्य, चौकीदार तथा अंशकालिक सफाई कर्मी के पद शामिल किए गए हैं। शिक्षक पदों के लिए संबंधित विषय में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ बीएड अथवा डीएड अनिवार्य होगा। चूंकि ये उत्कृष्ट विद्यालय हैं, इसलिए अभ्यर्थियों की अंग्रेजी माध्यम में अध्यापन क्षमता का भी मूल्यांकन किया जाएगा।
पारदर्शिता के लिए लिया गया फैसला
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि पूर्व में सेजस विद्यालयों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर मेरिट सूची में गड़बड़ी और पक्षपात के आरोप सामने आए थे। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने केंद्रीयकृत परीक्षा प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी तथा योग्य अभ्यर्थियों का चयन केवल मेरिट के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।शिक्षा विभाग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर 15 जुलाई तक नियुक्तियां देने की योजना है। इससे नए शैक्षणिक सत्र में आत्मानंद और विवेकानंद विद्यालयों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरकर शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

