रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को छत्तीसगढ़ में इस वर्ष “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक सामूहिक योगाभ्यास के आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। राज्य सरकार ने इस अवसर को भव्य और जनभागीदारी वाला बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम तय किए हैं।
राजधानी रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरगुजा जिले में सुबह 7 बजे आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों के लिए राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद और विधायकों को मुख्य अतिथि नामित किया गया है। कार्यक्रम के तहत केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बिलासपुर, उपमुख्यमंत्री अरुण साव दुर्ग, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कबीरधाम तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव जिले में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस वर्ष “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के माध्यम से नागरिकों को नियमित योगाभ्यास के महत्व से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अलग-अलग जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक संभालेंगे आयोजन की कमान
इसी तरह विभिन्न जिलों में मंत्रीगणों की जिम्मेदारी तय की गई है। रामविचार नेताम कोरिया, दयालदास बघेल महासमुंद, केदार कश्यप सुकमा, लखनलाल देवांगन कांकेर, ओ.पी. चौधरी जांजगीर-चांपा, टंकराम वर्मा सारंगढ़-बिलाईगढ़, लक्ष्मी राजवाड़े बलरामपुर-रामानुजगंज, राजेश अग्रवाल जशपुर, गुरु खुशवंत साहेब कोरबा और गजेंद्र यादव बालोद जिले में मुख्य अतिथि होंगे। कई जिलों में सांसदों और विधायकों को भी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है। जिला प्रशासन की देखरेख में सभी जगह अंतिम तैयारियां चल रही हैं ताकि अधिक से अधिक लोग सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें।

