सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। उदयपुर वन परिक्षेत्र में खेतों में फसल बचाने के लिए लगाए गए बिजली वाले तार की चपेट में आने से हाथी के एक शावक की मौत हो गई। घटना के बाद हाथियों का दल रातभर घटनास्थल के आसपास घूमता रहा और चिंघाड़ता रहा। हाथियों की आवाज से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। सुबह सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, अलकापुरी जंगल में पिछले कई दिनों से करीब 27 हाथियों का दल घूम रहा है। हाथियों से फसल बचाने के लिए जंगल से लगे खेतों के आसपास झटका देने वाला तार लगाया गया था। बताया जा रहा है कि करीब एक किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में यह तार लगाया गया था। बुधवार रात करीब 10 बजे हाथी का शावक तार की चपेट में आ गया। तार उसकी सूंड और पैर में फंस गया, जिससे करंट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जिस खेत के आसपास झटका तार लगाया गया था, वह झिरमिटी सरपंच चंदन एक्का और उनके परिवार की जमीन है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तार और बिजली व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि तार में किस प्रकार का करंट प्रवाहित किया जा रहा था और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। जिम्मेदार लोगों की पहचान होने पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की टीम आसपास अवैध रूप से बिजली की हुकिंग किए जाने की भी जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने मनाई हाथी शावक की छठ्ठी, जंगल में उमड़ा उत्साह, गूंजे पूजा के मंत्र

