गर्भवती बेटी का हाल जानकर लौट रहे थे तीनों भाई, सड़क किनारे खड़े होने के दौरान हुआ हादसा; तीसरे की हालत गंभीर
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बिल्हा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार माजदा वाहन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल है। तीनों भाई एक रिश्तेदार के घर उसकी गर्भवती बेटी का हालचाल जानने गए थे। वहां से लौटने के दौरान उन्होंने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सेवार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार माजदा वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भटगांव निवासी बरातु दास मानिकपुरी अपने भाई प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप मानिकपुरी के घर गए थे। प्रदीप की बेटी गर्भवती है। तीनों भाई उसका हाल जानने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने घर के सामने सड़क किनारे अपनी बाइक सीजी 10 एक्स 7988 खड़ी की और बातचीत करने लगे। इसी बीच सेवार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही माजदा वाहन सीजी 10 सी 1868 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े तीनों भाइयों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक माजदा के अगले पहिए में फंस गई और कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराकर रुक गया। हादसे के बाद वाहन चालक माजदा को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए बिल्हा अस्पताल ले जाया गया।
दो भाइयों ने अस्पताल में तोड़ा दम
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बरातु दास और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। वहीं तीसरे भाई चंदू दास के कंधे और चेहरे पर गहरे जख्म हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर मृतकों के बेटे रूपेन्द्र दास ने बिल्हा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त माजदा वाहन को जब्त कर लिया है। फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

