45 करोड़ की फंडिंग का झांसा देकर कारोबारी से 1.13 करोड़ की ठगी, नागपुर से दो महिला गिरफ्तार

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये की निवेश दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। बालोद जिले की सालिक ग्रीन रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर से 45 करोड़ रुपये की फंडिंग दिलाने का झांसा देकर ठगों ने 1 करोड़ 13 लाख रुपये हड़प लिए। मामले में पुलिस ने नागपुर से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

          ठगी

          पीडि़त उमेश कुमार सिन्हा ने पुलिस को बताया कि कंपनी के विस्तार के लिए 45 करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता थी। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखने के बाद उनकी मुलाकात आरोपियों से हुई। आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली लोगों और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताते हुए बड़ी फंडिंग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने कारोबारी को चेन्नई और नागपुर बुलाया। वहां उन्होंने केमिकल की मदद से काले रंग के नोटों को असली नोट में बदलने का कथित प्रदर्शन किया। साथ ही दावा किया कि उनके पास बड़ी मात्रा में ऐसे नोट मौजूद हैं और जल्द ही 45 करोड़ रुपये उपलब्ध करा दिए जाएंगे। आरोपियों ने बड़े अधिकारियों से मुलाकात, फाइल प्रोसेसिंग, सुरक्षा मंजूरी, विदेशी जांच और अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में पीडि़त से कुल 1 करोड़ 13 लाख रुपये ले लिए। बाद में नकली नोटों की खेप तैयार होने, सुरक्षा व्यवस्था और डिलीवरी में देरी जैसे बहाने बनाकर लगातार टालमटोल करते रहे। काफी समय बीतने के बाद भी न तो रकम मिली और न ही पैसे लौटाए गए, जिसके बाद पीडि़त ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

          डिजिटल जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

          शिकायत के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। जांच के आधार पर नागपुर से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय (कोलकाता) और दीपिका पालीवाल (उदयपुर, राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 26 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड जब्त किए हैं।

          कई राज्यों में फैला है ठगी का नेटवर्क

          प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह नागपुर, लखनऊ समेत कई राज्यों में इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस अन्य राज्यों से भी जानकारी जुटा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

          रायपुर के कारोबारी से 45 करोड़ के नकली नोटों का झांसा देकर 1.13 करोड़ की ठगी

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related