बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाली एसईसीएल की वसंत विहार डिस्पेंसरी ने अपनी स्थापना का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला संचालित डिस्पेंसरी की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इस अवसर पर वसंत विहार डिस्पेंसरी की महिला चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ इंदिरा हेल्थ सेंटर के डॉक्टर और चिकित्सा कर्मी भी मौजूद रहे। बीते एक वर्ष से यह डिस्पेंसरी पूरी तरह महिला चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा संचालित की जा रही है तथा कर्मचारियों और उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है। समारोह को संबोधित करते हुए सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला संचालित डिस्पेंसरी एसईसीएल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और समर्पण का उत्कृष्ट परिचय दे रही हैं। यह पहल संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्त भूमिका का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस डिस्पेंसरी को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित करने की दिशा में एसईसीएल लगातार कार्य कर रहा है, ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा सेवाएं (CMS) डॉ. श्रुति देव मिश्रा, उप मुख्य चिकित्सा सेवाएं डॉ. अरिहंत जैन, उप चिकित्सा अधीक्षक एवं वसंत विहार डिस्पेंसरी प्रभारी डॉ. नाज़िया मोहम्मदी सहित वसंत विहार डिस्पेंसरी और इंदिरा हेल्थ सेंटर के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसईसीएल मुख्यालय में भू-जल संरक्षण पर कार्यशाला संपन्न, विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव

