कॉमनवेल्थ गेम्स : छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का कमाल, वेटलिफ्टिंग में जीता रजत पदक, मुख्यमंत्री व वित्तमंत्री ने दी शुभकामनाएं

      Date:

      • 53 किलोग्राम वर्ग में 199 किलो वजन उठाकर रचा इतिहास

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया है। उन्होंने कुल 199 किलोग्राम (88 किग्रा स्नैच और 111 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर भारत को प्रतियोगिता का पांचवां और वेटलिफ्टिंग में चौथा पदक दिलाया।

          कॉमनवेल्थ गेम्स

          स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में यह ज्ञानेश्वरी का पहला मुकाबला था। पदक जीतने के बाद उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना और देश के लिए पदक जीतना था, जिसे उन्होंने हासिल कर लिया। उन्होंने माना कि मुकाबला बेहद कठिन था और सभी खिलाड़ी मजबूत थीं, लेकिन रजत पदक जीतकर वह बेहद खुश हैं। ज्ञानेश्वरी यादव ने स्नैच में 88 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया। वहीं क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 103, 107 और अंतिम प्रयास में 111 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया। कुल 199 किलोग्राम वजन के साथ उन्होंने रजत पदक सुनिश्चित किया। इस स्पर्धा में नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडीह ने 206 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक और नया कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड बनाया।

          भाई रितेश सड़क दुर्घटना में घायल, अस्पताल में भर्ती

          इस जीत के पीछे भावनात्मक संघर्ष की कहानी भी जुड़ी है। प्रतियोगिता के दौरान ज्ञानेश्वरी के भाई रितेश यादव सड़क दुर्घटना में घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। प्रतियोगिता से पहले उन्होंने भाई से फोन पर बात कर पदक जीतने का वादा किया था और उसे पूरा कर दिखाया। परिवार उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है। उनके पिता दीपक यादव इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं और महीने में महज 3 से 5 हजार रुपए की आय से पूरे परिवार का खर्च चलाते थे। इसी सीमित आमदनी में बेटी की पढ़ाई, प्रशिक्षण, डाइट, जूते और प्रतियोगिताओं का खर्च उठाया गया।

          साइकिल से तय होता था अभ्यास का सफर

          ज्ञानेश्वरी का परिवार रोज गांव भोडिय़ा से करीब 8 किलोमीटर साइकिल चलाकर राजनांदगांव पहुंचता था। स्कूल के बाद घंटों अभ्यास और देर रात उसी साइकिल से घर लौटना उनकी दिनचर्या थी। कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले भी ज्ञानेश्वरी यादव ने एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में स्नैच में रजत और कुल प्रदर्शन में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। अब कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। बता दें कि खेल के साथ-साथ ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पद पर भी सेवाएं दे रही हैं।

          प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

          ज्ञानेश्वरी यादव की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित उपराष्ट्रपति, रक्षा मंत्री और केंद्रीय खेल मंत्री ने उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया है और उनकी सफलता देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

          छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया देश का गौरव : मुख्यमंत्री

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विश्व स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा हासिल की गई यह सफलता केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का सम्मान है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि प्रतिभा को समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का साथ मिले तो वैश्विक मंच पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। सीएम साय ने आगे कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने, खिलाडिय़ों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएँ और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारी सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहाँ छत्तीसगढ़ के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।

          https://dprcg.gov.in/post/1785170650/रायपुर-छत्तीसगढ़-की-बेटी-ज्ञानेश्वरी-यादव-ने-बढ़ाया-प्रदेश-का-मान-राष्ट्रमंडल-खेल-2026-में-जीता-रजत-पदक-वित्त-मंत्री-श्री-ओपी-चौधरी

          वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ज्ञानेश्वरी को सराहा

          वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि कड़े मुकाबले के बीच ज्ञानेश्वरी यादव ने अद्भुत साहस, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक जीतकर पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि भारतीय खेल जगत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने आज यूरोप के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर प्रदेश के तीन करोड़ छत्तीसगढिय़ा भाई-बहनों का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि राज्य की खेल प्रतिभाओं के लिए नई प्रेरणा लेकर आई है।

          कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का पहला मेडल, पैरा पावरलिफ्टिंग में झंडू कुमार ने जीता ब्रॉन्ज

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भोरमदेव धाम में की पूजा-अर्चना, सुख-समृद्धि के लिए की कामना

              रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सपत्नीक श्रीमती कौशल्या साय...

              रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग

              रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल...