अब समस्याओं के समाधान के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे कार्यालयों के चक्कर : अरुण साव

      Date:

      • उपमुख्यमंत्री के आतिथ्य में डोंगा नाला में जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन, 159 करोड़ से अधिक राशि के विकास कार्याे की दी सौगात

      सुशासन तिहार

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार के तहत मंगलवार को विकासखंड पाली के ग्राम डोंगानाला में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने 159 करोड़ 63 लाख 14 हजार रुपये के 18 विकास कार्यों की सौगात जिलेवासियों को दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि गांव स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

          सुशासन तिहार

          शिविर में उपमुख्यमंत्री ने 153 करोड़ 66 लाख 61 हजार रुपये की लागत वाले आठ विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 5 करोड़ 96 लाख 53 हजार रुपये की लागत वाले दस विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता जायसवाल, कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

          सुशासन तिहार

          कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई, किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस प्रदान किया गया तथा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर किसानों को आर्थिक मजबूती दी गई। उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं को लेकर संवेदनशील है। इसी सोच के तहत गांव-गांव में शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। इससे अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ी है और आम जनता को राहत मिली है।

          पाली-तानाखार क्षेत्र में विकास कार्यों को मिल रही प्राथमिकता

          अरुण साव ने कहा कि पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से क्षेत्र को पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।

          जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रही तस्वीर 

          उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर विकास को नई दिशा देने का काम कर रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से एक ओर जहां लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार अपने कार्यों का फीडबैक भी प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि मुफ्त राशन, हर घर जल, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं से लाखों लोगों को लाभ मिल रहा है। डीएमएफ राशि के प्रभावी उपयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।

          कई नए विकास कार्यों की घोषणा

          शिविर के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें पाली विकासखंड के मुनगाडीह और दमिया में स्कूल भवन निर्माण, दमिया में आंगनबाड़ी भवन, पाली के स्वामी आत्मानंद विद्यालय के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत से भवन निर्माण, डोंगानाला पंचायत भवन के लिए 20 लाख रुपये, डोंगानाला नहर मरम्मत कार्य, चाकाबुड़ा में कोनार नाला पर पुल निर्माण, कोराई नाला पर पुलिया निर्माण, डोंगानाला में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, गणेशपुर-बांका मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 15 लाख रुपये तथा बक्साही में सीसी रोड निर्माण सहित कई विकास कार्य शामिल हैं। इसके अलावा प्राथमिक शाला मांझीपारा में अहाता निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई।

          1552 आवेदन प्राप्त, 547 का मौके पर समाधान

          जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों को कुल 1552 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मांग, शिकायत और विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन शामिल थे। प्रशासन द्वारा 547 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीएमएफ मद से संचालित विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।

          हितग्राहियों को वितरित किए गए लाभ

          शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत मां गायत्री स्व-सहायता समूह को 10 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा किसानों को पावर वीडर, पेट्रोल पंप और बीज उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायक उपकरण एवं ट्राइसाइकिल, राजस्व विभाग द्वारा डिजिटल किसान किताब, वन विभाग द्वारा वनाधिकार पट्टे तथा विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। मत्स्य विभाग ने भी हितग्राहियों को मत्स्य जाल और आइस बॉक्स वितरित किए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही और लोगों ने प्रशासन द्वारा गांव स्तर पर समस्याओं के समाधान की पहल की सराहना की।

          सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम : विधायक पटेल

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              CISF में ASI पैरामेडिकल स्टाफ भर्ती, 8 जून से आवेदन शुरू

              नई दिल्ली (एजेंसी)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने...