गढ़िया पहाड़ के पास 70 बोरियां छोड़कर फरार हुए तस्कर, केशकाल में कार की डिक्की से 407 किलो गांजा बरामद
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपये का गांजा जब्त किया है। पहली कार्रवाई कांकेर के गढ़िया पहाड़ के पास की गई, जहां पुलिस ने गांजे से भरी 70 बोरियां बरामद कीं। वहीं दूसरी कार्रवाई में केशकाल पुलिस ने एक कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा पकड़ा है। इस मामले में राजस्थान निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पहली कार्रवाई कांकेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिगारभाट स्थित गढ़िया पहाड़ के समीप हुई। यहां पुलिस को लावारिस हालत में गांजे की 70 बोरियां मिलीं। जांच में इनका कुल वजन 2 क्विंटल 80 किलो पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। जानकारी के अनुसार, तस्कर ओडिशा से विश्रामपुरी और केशकाल के रास्ते गांजा लेकर कांकेर पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस को तस्करी की सूचना मिली। केशकाल पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की और इसकी जानकारी कांकेर पुलिस को भी दी। इसके बाद दोनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही तस्कर वाहन से गांजे की बोरियां उतारकर गढ़िया पहाड़ के पास छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची कांकेर पुलिस ने मौके से सभी 70 बोरियां जब्त कर लीं। कांकेर एसडीओपी हरीश पाटिल के मुताबिक, संदिग्ध गतिविधियों की जांच के दौरान गांजा बरामद किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों की पहचान कर ली गई है। एक वाहन चालक को भी चिह्नित किया गया है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
केशकाल में कार से मिला 407 किलो गांजा
दूसरी बड़ी कार्रवाई में केशकाल पुलिस ने 3 नवंबर को सूचना के आधार पर एक संदिग्ध कार क्रमांक OD-10-V-7053 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपये आंकी गई है।गांजे को 78 पैकेटों में भरकर कार में छिपाया गया था। पैकेट ड्राइवर सीट के पीछे और कार की डिक्की में टेप से लपेटकर रखे गए थे। पूछताछ में चालक ने अपना नाम दीपक कुमार माली (31 वर्ष) बताया, जो राजस्थान का निवासी है।
कार में मिली दूसरी नंबर प्लेट, मोबाइल और नकदी भी जब्त
कार की तलाशी के दौरान पुलिस को डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिली। इस पर RJ-23-UB-8472 अंकित था। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से रेडमी मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने गांजा, कार, मोबाइल और अन्य सामान सहित कुल 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर जिले में गांजा और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। केशकाल में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा सहित उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, सहायक उपनिरीक्षक भगत सिंह नेताम, सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, संजय बिसेन सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही। लगातार हुई इन कार्रवाइयों से गांजा तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। अब पुलिस दोनों मामलों में फरार आरोपियों और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
ड्राई फ्रूट्स, पैकर्स एंड मूवर्स की आड़ में तस्करी, 6.85 क्विंटल गांजा जब्त, 13 गिरफ्तार

