बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के तहत बिलासपुर के लिंगियाडीह में विकसित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया। यह केंद्र जिले की 200 आंगनबाड़ियों के आधुनिकीकरण एवं उन्नयन के लिए संचालित 4.72 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना का हिस्सा है।

लोकार्पण समारोह में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर आधारभूत सुविधाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव तैयार करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को सीखने और विकास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर) अजय बेहरा सहित सीएसआर विभाग के अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वर्तमान में इस केंद्र में 22 बच्चे नामांकित हैं। इस अवसर पर बच्चों को पुस्तकें, पेंसिल, ड्राइंग पैड, स्केच बुक सहित विभिन्न शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। उन्नत मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में बाल-अनुकूल शिक्षण कक्ष, आधुनिक फर्नीचर, बेहतर स्वच्छता सुविधाएं तथा शिक्षण-सहायक सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा का वातावरण मिल सके।
गौरतलब है कि एसईसीएल शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में बिलासपुर जिले में अनेक महत्वपूर्ण सीएसआर परियोजनाएं संचालित कर रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर के सकरी क्षेत्र में एसईसीएल की सीएसआर निधि से निर्मित होने वाले अत्याधुनिक वृद्धाश्रम एवं दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र का शिलान्यास किया था।
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसईसीएल का हरित संकल्प, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

