मंत्री लखनलाल देवांगन ने घर पर लगाया 10 किलोवाट का सोलर प्लांट

      Date:

      • प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अपनाने की अपील, बोले- उपभोक्ता नहीं, ऊर्जा उत्पादक बनें नागरिक

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत कोरबा जिले में सौर ऊर्जा को लेकर लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने कोहड़िया स्थित निवास पर 10 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया है। उन्होंने इसे ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए नागरिकों से भी इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।

          सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना

          मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित हुए लगभग एक माह हो चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। इससे बिजली बिल में बचत हो रही है, साथ ही स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के कारण सोलर संयंत्र लगाना पहले की तुलना में अधिक आसान और किफायती हो गया है। घरेलू उपयोग के बाद बची अतिरिक्त बिजली विद्युत वितरण कंपनी के ग्रिड में जाएगी, जिससे भविष्य में अतिरिक्त आय अर्जित करने का भी अवसर मिलेगा।

          योजना को बताया जनआंदोलन

          मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता का जनआंदोलन है। यह नागरिकों को केवल बिजली उपभोक्ता नहीं, बल्कि ऊर्जा उत्पादक बनने का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सौर ऊर्जा अपनाकर स्वच्छ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

          प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार

          मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस जनहितकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की पहल से प्रदेश में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को नई गति मिल रही है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related