पुलिस ने करीब 10 लोगों को किया गिरफ्तार, वर्ष 2026 में छह राज्यों में 120 से ज्यादा लोगों की जा चुकी है जान
इंफाल (एजेंसी)। मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 600 से अधिक लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला पिछले दो से तीन दिनों में सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रभावित लोगों में अधिकांश चंदेल जिले के चकपी करोंग और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि शराब पीने के बाद अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। हालांकि, शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि शराब कहां से लाई गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि शराब में मेथनॉल मिलाया गया था। पुलिस के अनुसार, प्रभावित लोगों ने कथित तौर पर यह शराब काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदी थी। मामले में अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाए जाने की जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में आशंका है कि दूसरे क्षेत्रों से शराब लाकर यहां बेची गई। पुलिस अब शराब की आपूर्ति करने वालों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।
अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या से बढ़ी परेशानी
घटना के बाद प्रभावित लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। शिजा अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. चेतन हुंडोंगबाम के मुताबिक, अस्पताल के सभी बिस्तर भर चुके हैं। मरीजों की बड़ी संख्या के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ गया है। मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने अस्पताल पहुंचकर प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनका हाल जाना। जहरीली शराब से मौतों का यह मामला इस वर्ष की बड़ी घटनाओं में शामिल हो गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में मध्यप्रदेश, गुजरात सहित छह राज्यों में जहरीली शराब पीने से 120 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। मणिपुर की घटना ने एक बार फिर अवैध शराब की बिक्री और उसकी आपूर्ति पर निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

