राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करने वाले पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी शुभकामनाएं
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं में अध्ययनरत पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी 28 और 29 नवंबर 2026 को होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें बधाई देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उनसे सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन देने की। कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान और तकनीक का है। प्रदेश के विद्यार्थियों में नई तकनीक सीखने और नवाचार करने की रुचि बढ़ रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान के साथ अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों विद्यार्थी दक्षिण कोरिया में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हासिल किया दूसरा स्थान
पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने नेशनल चैंपियनशिप-2026 की लेगो लाइन फॉलोअर श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर दोनों का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 16 से अधिक राज्यों के सात हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता की नौ श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। विभिन्न श्रेणियों से चयनित 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। लेगो लाइन फॉलोअर श्रेणी में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो निर्धारित रास्ते पर बनी रेखा को पहचानकर उसी के अनुसार आगे बढ़ सके। इसके लिए प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच, तकनीकी समझ और समस्याओं का समाधान करने की क्षमता जरूरी होती है।
शिक्षकों और मार्गदर्शकों का भी रहा योगदान
दोनों विद्यार्थियों की सफलता में उनके अभिभावकों, शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं मुख्य मार्गदर्शक रवि सिन्हा, प्रबंध संचालक रीना सिन्हा और टीम प्रशिक्षक शौर्य सिन्हा उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में शिक्षक और अभिभावक अहम भूमिका निभाते हैं। रायपुर के इन दोनों विद्यार्थियों का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान, रोबोटिक्स और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
चक्रवात से प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

