शराब के लिए 500 रुपये नहीं देने पर युवकों की बेल्ट से पिटाई, खदान में चौकीदारों को बंधक बनाकर लोहे के रैक और पाइप ले गए थे नकाबपोश बदमाश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। बांकीमोंगरा पुलिस ने मारपीट और एसईसीएल खदान में डकैती के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में आरोपियों ने शराब पीने के लिए 500 रुपये नहीं मिलने पर दो युवकों की बेल्ट और हाथ-मुक्कों से पिटाई की थी, जबकि दूसरे मामले में नकाबपोश बदमाशों ने खदान में घुसकर चौकीदारों को बंधक बनाया और गैस कटर से लोहे के रैक व पाइप काटकर ले गए थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 नवंबर को जेल भेज दिया।

पहली घटना 30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे की है। सूरज कुमार बिंझवार अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ देशी शराब दुकान से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए बेल्ट तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मामले में सूरज कुमार ने 1 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और समीर कुर्रे (19), आशीष कुमार पाटले (29), अमन कुमार कुर्रे (24) तथा हेमलाल कुर्रे (42) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी मोंगरा बस्ती, बांकीमोंगरा के निवासी हैं। पुलिस ने समीर के पास से मारपीट में इस्तेमाल बेल्ट भी जब्त की है।
दूसरी घटना एसईसीएल की बांकी खदान नंबर-4 में हुई। सुरक्षा गार्ड व्यासनारायण चौहान की रिपोर्ट के अनुसार 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब एक बजे 10 से 12 नकाबपोश बदमाश खदान परिसर में घुस आए। उन्होंने वहां तैनात चौकीदारों को बंधक बनाकर उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद गैस कटर से स्टोर में रखे लोहे के रैक और पाइप काटकर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 223/2026 के तहत अपराध दर्ज कर जांच की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राहुल विश्वकर्मा (22) और आकाश साहू (20) को गिरफ्तार किया गया। राहुल पिकअप वाहन चलाता है, जबकि आकाश कबाड़ की दुकान संचालित करता है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 12 बीजे 6180, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों मामलों में गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

