आबकारी विभाग में नया घोटाला, कर्मचारियों के बोनस और छुट्टी के 67 करोड़ डकारे

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। आबकारी विभाग में 115 करोड़ रुपए के ओवरटाइम घोटाले के बाद अब दो और बड़े वित्तीय घोटाले सामने आए हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, शराब दुकानों में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों के बोनस और हॉलीडे पे की करीब 67 करोड़ रुपए की राशि अफसरों ने हड़प ली।

          आबकारी विभाग

          बताया जा रहा है कि कर्मचारियों के लिए सरकार ने यह रकम जारी की थी, लेकिन पैसा उनके खातों तक पहुंचने के बजाय बीच में ही निकालकर आपस में बांट लिया गया। मामले का खुलासा ईओडब्ल्यू की जांच में हुआ है, जिसके बाद नई एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच में सामने आया है कि प्लेसमेंट कंपनियों के जरिए शराब दुकानों में तैनात करीब 3000 कर्मचारियों के लिए दो किस्तों में 17.60 करोड़ रुपए बोनस जारी किए गए थे। यह रकम कर्मचारियों को देने के बजाय पहले कंपनियों के खातों में जमा हुई और बाद में नकद निकालकर अधिकारियों तक पहुंचा दी गई।

          छुट्टी में काम कराकर नहीं दिया भुगतान

          शराब दुकानें रविवार और छुट्टियों में भी खुली रहती थीं। ऐसे दिनों में काम करने वाले कर्मचारियों को अतिरिक्त भुगतान मिलना था। अक्टूबर 2019 से दिसंबर 2023 तक इस मद में करीब 50 करोड़ रुपए जारी हुए, लेकिन यह रकम भी कर्मचारियों तक नहीं पहुंची। इससे पहले तीन वर्षों में 115 करोड़ रुपए ओवरटाइम मद में जारी किए गए थे। आरोप है कि यह रकम भी कर्मचारियों को देने के बजाय कंपनियों और अधिकारियों ने आपस में बांट ली। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस रकम का हिस्सा वरिष्ठ अफसरों और नेताओं तक भी पहुंचाया गया।

          600 करोड़ ओवररेट घोटाले का भी खुलासा

          आबकारी विभाग में 600 करोड़ रुपए से ज्यादा का ओवररेट घोटाला भी सामने आया है। शराब दुकानों में एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बेची गई। साथ ही डुप्लीकेट होलोग्राम वाली शराब की सप्लाई कर सिंडिकेट ने मोटी कमाई की। बलौदाबाजार के एक कर्मचारी ने बताया कि वह कई वर्षों से सेल्समैन के रूप में काम कर रहा है। उसे हर माह वेतन तो मिला, लेकिन ओवरटाइम और अन्य भत्तों का भुगतान कभी नहीं किया गया। इसी तरह सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारियों को भी उनका हक नहीं मिला।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related