रायपुर से नागपुर जा रही एसयूवी ट्रक से टकराई, तीन बच्चों ने भी गंवाई जान
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच रायपुर से नागपुर जा रही एक एसयूवी की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का उपचार साकोली उपजिला अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार एसयूवी में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे उनकी गाड़ी मानेगांव-पिंपलगांव के बीच पहुंची। इसी दौरान एसयूवी की ट्रक से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को ट्रक से अलग करने और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद लेनी पड़ी।
तीन घायलों का अस्पताल में इलाज
हादसे में घायल हुए तीनों को तत्काल साकोली उपजिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।
दर्दनाक बस हादसा : अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 6 की मौत, 9 घायल

