कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 जेसीबी सहित कुल 9 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने जिले के विभिन्न संदिग्ध क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त वाहनों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान 1 जेसीबी, 1 ट्रेलर, 2 टिपर और 5 ट्रैक्टर समेत कुल 9 वाहन जब्त किए गए। जानकारी के अनुसार टीम ने सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुड़ा, सुराकछार, बांकीमोगरा, तिलसरा और गुरसिया सहित कई क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बांकीमोगरा, कोसाबाड़ी, बरमपुर, घरीपखना और गुरसिया क्षेत्र में गिट्टी, मिट्टी और रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन में लगे वाहनों को मौके पर पकड़कर जब्त किया गया। जब्त वाहनों को बांकीमोगरा थाना, रामपुर थाना, बांगो थाना तथा खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा में सुरक्षित रखा गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अप्रैल से 15 जून 2026 तक अवैध उत्खनन के 12 मामलों में 6 लाख 74 हजार 100 रुपए, अवैध परिवहन के 89 मामलों में 7 लाख 37 हजार 931 रुपए तथा अवैध भंडारण के 10 मामलों में 7 लाख 14 हजार 810 रुपए की वसूली की गई है।
इस अवधि में कुल 18 लाख 70 हजार 473 रुपए राजस्व के रूप में वसूले जा चुके हैं। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना और शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
अवैध खनन पर अब ड्रोन की नजर, प्रदेश सरकार ने अपनाई हाईटेक निगरानी व्यवस्था

