रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की ओर से छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में रिक्त डाटा एंट्री ऑपरेटर पदों पर भर्ती के लिए प्रथम चरण की लिखित परीक्षा 28 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजकर 15 मिनट तक संपन्न होगी। इसी दिन प्री एग्रीकल्चर टेस्ट एवं प्री वेटरनरी पॉलिटेक्निक परीक्षा का आयोजन भी किया जाएगा, जो प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजकर 15 मिनट तक चलेगी। दोनों परीक्षाओं को लेकर प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

राजधानी रायपुर में इन दोनों परीक्षाओं के लिए कुल 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में कुल 9 हजार 856 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण 28 जून की सुबह 7 बजे से जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा और निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनी रहे।
परीक्षा संचालन के लिए अधिकारियों की नियुक्ति
परीक्षा के सफल संचालन के लिए उप जिला दंडाधिकारी उपेंद्र किंडो को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

