सकती (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के सकती जिले में आबकारी पुलिस बनकर छापा मारने पहुंचे 5 आरोपियों में से 4 को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
सकती के परसदा खुर्द गांव में एक ग्रामीण के घर 5 युवक सोमवार की रात आबकारी अधिकारी बनकर पहुंचे। इनमें से एक युवक ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी जिस पर आबकारी विभाग और पुलिस दोनों के मोनो लगे थे। बाकी चार युवक सिविल ड्रेस में थे। आरोपियों ने खुद को आबकारी विभाग का अधिकारी बताते हुए ग्रामीण को जेल भेजने की धमकी दी और 30 हजार रुपये की मांग करने लगे। ग्रामीणों को शक होने पर आसपास के लोगों ने घेराबंदी कर चार युवकों को पकड़ लिया और उन्हें सक्ती पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान एक आरोपी फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र गोस्वामी, अजय गोस्वामी, रामनारायण धीवर और लोकेश राठौर के रूप में हुई है जो सभी जांजगीर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से दो बाइक और तीन मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ अवैध वसूली सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। सकती एएसपी हरीश यादव ने बताया कि रात में सूचना मिली कि कुछ युवक एक घर में घुसकर खुद को आबकारी अधिकारी बताकर वसूली कर रहे हैं। जिसके बाद थाना प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचे तो पाया गया कि एक युवक वर्दी में था, जिस पर आबकारी और पुलिस दोनों का मोनो लगा था। उसके साथ तीन युवक सिविल ड्रेस में थे। सभी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे किसी भी विभाग से संबंधित नहीं हैं, केवल पैसे की उगाही के लिए ऐसा भेस धारण किए हुए थे।
छत्तीसगढ़ : गर्लफ्रेंड ने रेप केस में फंसाकर किया ब्लैकमेल, ट्रेन से कटा बॉयफ्रेंड

