कटक (एजेंसी)। कटक टी-20 में भारत ने साउथ अफ्रीका को 101 रनों से हराया। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका के सामने 176 रन का टारगेट रखा था। जवाब में अफ्रीकी टीम 12.3 ओवर में 74 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह साउथ अफ्रीका के लिए उनके टी-20 इतिहास का सबसे लोएस्ट स्कोर है। इससे पहले उनका लोएस्ट स्कोर 87 रन का था। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल पहले ही ओवर में 2 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला इस मैच में भी नहीं चला, वह 11 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं अभिषेक शर्मा जो इस वक्त शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, उन्होंने 12 गेंदों में 17 रन बनाए। इनके अलावा तिलक वर्मा 26 और अक्षर पटेल ने 22 रन का योगदान दिया। भारत के इस मैच के स्टार बल्लेबाज हार्दिक पांड्या रहे, उन्होंने 28 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाए। इस दौरान वह 6 चौके और चार छक्के लगाने में कामयाब रहे। साउथ अफ्रीका की तरफ से गेंदबाजी में सबसे ज्यादा विकेट लुंगी एनगिडी ने लिए। उन्होंने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।
साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों ने टेके घुटने
176 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम की शुरुआत भी इस मैच में अच्छी नहीं रही। क्विंटन डी कॉक इस मैच में बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। उसके बाद 16 के स्कोर पर ट्रिस्टन स्टब्स भी आउट हो गए। उन्होंने 9 गेंदों में 14 रन बनाए। कप्तान मार्करम के रूप में साउथ अफ्रीका को तीसरा झटका लगा, वह 14 गेंद में 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके अलावा डेविड मिलर 1, डोनोवन फरेरा 5 और मार्को जेनसेन 12 रन बनाकर आउट हुए। अफ्रीकी टीम की तरफ से डेवाल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने आउट किया। गेंदबाजी की बात करें तो वहां अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए।
दूसरे वनडे में साउथ अफ्रीका ने भारत को 4 विकेट से हराया, कोहली व गायकवाड़ ने लगाया शतक

