25 लाख के सवाल पर अटकी, 12.5 लाख जीते; अमिताभ बच्चन को दिया गुलाब का फूल
सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। सोनी टीवी के प्रतिष्ठित क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) के हॉट सीट तक छत्तीसगढ़ के सरगुजा की दरिमा हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ शिक्षिका विभा चौबे पहुंची। विभा चौबे ने केबीसी (सीजन 17) के सवालों का जवाब देते हुए 12.5 लाख रुपए जीते। वे 25 लाख रुपए के सवाल का जवाब नहीं दे सकीं और गेम क्विट कर दिया।
विभा चौबे ने बताया कि केबीसी के उनके एपिसोड का प्रसारण 31 दिसंबर व 1 जनवरी को होगा। सोनी टीवी ने इसका प्रोमो जारी कर दिया है। केबीसी के हॉट सीट तक पहुंचने का अपना अनुभव साझा करते हुए विभा चौबे ने कहा कि इसके लिए कड़ी मेहनत की थी। जब तक वे हॉट सीट तक नहीं पहुंची थी तब भी केबीसी के होस्ट महानायक अमिताभ बच्चन ने सभी का उत्साह बढ़ाया। बता दें कि शिक्षिका विभा चौबे का 25 सालों से केबीसी में जाने का सपना था। वह सरगुजा से केबीसी में पहुंचने वाली पहली महिला बनी हैं। उन्होंने बताया कि साल 2000 में कौन बनेगा करोड़पति की शुरुआत हुई थी तब से उन्होंने सोचा था कि किसी सीजन में वे केबीसी तक पहुंचेंगी। इसके लिए कड़ी मेहनत की। इस सीजन में उन्हेंं केबीसी से कॉल आया। कई चरण पार करते हुए वे केबीसी के मंच पर पहुंची। फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट में क्वालीफाई कर वे हॉट सीट तक पहुंची।
अमिताभ बच्चन की तारीफ
विभा चौबे ने कहा कि सदी के महानायक से मिलकर ही आप करोड़पति बन जाते हैं। वे डाउन टू अर्थ हैं। सभी से ऐसा मिलते हैं कि आपको यह अनुभव ही नहीं होगा कि आप अमिताभ बच्चन से मिल रहे हैं। अमिताभ बच्चन को विभा चौबे ने गुलाब का फूल भेंट करते हुए कविता भी सुनाई। विभा चौबे ने कहा कि उनके केबीसी तक पहुंचने में परिवार की भी बड़ी भूमिका रही। उनके पति परमेंद्र चौबे मिडिल स्कूल मैनपाट में हेडमास्टर हैं।

