राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की

      Date:

      • उचित मूल्य दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों व विद्यालयों में पाई गई अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

          कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने जिले के प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पूरक पोषण आहार योजना, मध्यान्ह भोजन योजना तथा शासकीय आश्रम एवं छात्रावासों में बीपीएल दर पर प्रदाय खाद्यान्न की विस्तृत समीक्षा की।

          राज्य खाद्य आयोगसमीक्षा के दौरान जिले में ई-केवाईसी से वंचित लगभग 92 हजार शेष सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण कराने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने सभी उचित मूल्य दुकानों के नियमित संचालन, स्टॉक मिलान तथा दुकानदारों के प्रदर्शन को अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने पर जोर दिया। पूरक पोषण आहार योजना के अंतर्गत पोषण ट्रैकर में दर्ज बच्चों का पुन: परीक्षण करने, आंगनबाड़ी केंद्रों में सभी अनिवार्य सूचनाओं का प्रदर्शन सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध बर्तनों के स्टॉक को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, सभी विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत प्रति डाइट खाद्यान्न, दाल एवं सब्जी की निर्धारित मात्रा का स्पष्ट प्रदर्शन एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। शासकीय आश्रम एवं छात्रावासों में फोर्टिफाइड चावल पकाने की निर्धारित विधि का पालन, प्रति छात्र खाद्यान्न पात्रता की जानकारी प्रदर्शित करने तथा खाद्य विभाग के कॉल सेंटर नंबर को प्रमुख स्थान पर अंकित करने के निर्देश भी दिए गए।

          राज्य खाद्य आयोगसमीक्षा बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग, राज्य खाद्य आयोग के सदस्य सचिव राजीव कुमार जायसवाल, खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर, सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग श्रीकांत कसेर, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास जी.डी. सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी टी.के. उपाध्याय, जिला प्रबंधक नान प्रमोद जांगड़े सहित सभी सहायक खाद्य अधिकारी एवं निरीक्षक उपस्थित रहे।

          उचित मूल्य की दुकानों का किया निरीक्षण

          समीक्षा बैठक से पूर्व आयोग के दल द्वारा उचित मूल्य दुकान कुकरीचोली, मसान एवं उरगा का निरीक्षण किया गया। ग्राम मसान में चावल स्टॉक में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की गई। वहीं ग्राम उरगा की दुकान निरीक्षण के दौरान बंद मिलने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्र भैसमा एवं सेमीपाली क्रमांक-2, उरगा के निरीक्षण के दौरान उरगा केंद्र में कार्यकर्ता की अनुपस्थिति एवं आवश्यक सूचनाओं के अभाव पर अध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त की। केंद्र में बच्चों की अनुपस्थिति को लेकर भी असंतोष जताया गया।

          फोर्टिफाइड चावल को सही से पकाने के निर्देश दिए

          भैसमा स्थित शासकीय आश्रम/छात्रावास के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने प्रति छात्र निर्धारित डाइट के अनुसार खाद्यान्न, दाल एवं तेल के उपयोग तथा फोर्टिफाइड चावल को सही विधि से पकाने के निर्देश दिए। अपर प्राइमरी स्कूल मसान में अध्यक्ष ने बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन कर चावल, दाल एवं आलू-केला की सब्जी का स्वाद चखा और भोजन की गुणवत्ता को संतोषजनक बताया।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related