5 फीट लंबे कोबरा का रेस्क्यू, सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के सिंगापुर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर की रसोई में गैस सिलेंडर के पीछे फन फैलाए नाग को देखा गया। घर की महिला अर्चना कंवर सुबह नाश्ता बनाने किचन में पहुंची थीं। जैसे ही उन्होंने गैस चालू की, अचानक फुंकार की आवाज सुनाई दी। पहले तो उन्हें लगा कि यह गैस की आवाज है, लेकिन जब फुंकार बार-बार सुनाई देने लगी तो उन्होंने ध्यान से देखा। सामने फन फैलाए बैठे नाग को देखकर वह घबराकर चिल्लाती हुई रसोई से बाहर भागीं और पड़ोसियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन करीब 5 फीट लंबे जहरीले नाग को देखकर कोई भी उसे भगाने की हिम्मत नहीं कर पाया। इसके बाद वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी को सूचना दी गई। जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी व कुशलता के साथ नाग का रेस्क्यू किया। विशेष उपकरणों की मदद से सांप को पकड़कर सुरक्षित थैले में रखा गया। रेस्क्यू के बाद नाग को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया, जिससे घर के सदस्यों ने राहत की सांस ली।
सर्पदंश पर झाड़-फूंक से बचने की सलाह
स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि रेस्क्यू किया गया सांप 5 फीट लंबा कोबरा था, जिसमें अत्यधिक विष होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज कराएं। उन्होंने कहा कि झाड़-फूंक के चक्कर में कई लोगों की जान जा चुकी है। उनकी संस्था इस विषय पर लगातार जन-जागरूकता अभियान चला रही है।

