बम्हनीनाला के पास हुआ हादसा, बिलासपुर से विश्रामपुर जा रहे थे मृतक
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। बिलासपुर से विश्रामपुर जा रही एक इको कार मदनपुर फॉरेस्ट बेरियर के आगे बम्हनीनाला के समीप अनियंत्रित होकर लगभग 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। खाई में गिरते ही वाहन में आग लग गई, जिससे कार सवार दो लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर मोरगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तोरवा निवासी गोपाल चंद्र डे (42 वर्ष) पिता मानिक चंद्र डे मंगलवार रात करीब 11 बजे अपनी इको कार क्रमांक सीजी 10 बीएफ 1673 में साथी अरुण सेन (36 वर्ष) पिता बनारसी सेन, निवासी देवरी खुर्द के साथ विश्रामपुर के लिए रवाना हुए थे। दोनों किसी आयोजन के सिलसिले में टेंट का सामान और हीटर लेकर जा रहे थे। बुधवार तड़के 3.46 बजे उन्होंने चोटिया टोल प्लाजा में टोल टैक्स अदा किया और आगे के लिए रवाना हुए। अलसुबह करीब 4.30 बजे, मोरगा चौकी अंतर्गत मदनपुर फॉरेस्ट बेरियर के आगे बम्हनीनाला के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में तुरंत आग लग गई, जिससे दोनों सवारों की जलकर मौत हो गई।
पीम के बाद शव परिजनों को सौपा
घटना की सूचना सुबह करीब 5 बजे मोरगा चौकी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। वैधानिक कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत विवेचना की जा रही है।

