अधिकारी-कर्मचारियों को कर्तव्यों के जिम्मेदारीपूर्ण निर्वहन हेतु किया प्रेरित
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिला कार्यालय परिसर स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना भी की।


इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण, गीत एवं कविताओं की प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। कलेक्टर दुदावत ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज ही के दिन हमारे देश में संविधान लागू हुआ था, जिसने भारत को एक सशक्त लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान न्याय, समानता, स्वतंत्रता और समावेशिता के मूल सिद्धांतों पर आधारित एक सुदृढ़ दस्तावेज है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से संविधान के आदर्श मूल्यों को अपने जीवन एवं कार्य व्यवहार में आत्मसात करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर तुला राम भारद्वाज सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उत्साह व उमंग के साथ अपने दायित्वों का करें निवर्हन
कलेक्टर ने कहा कि हमें नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए नई ऊर्जा, उत्साह एवं उमंग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। सरकार एवं आम जनता की जो अपेक्षाएं हमसे जुड़ी हैं, उन्हें पूर्ण निष्ठा और शत-प्रतिशत सहभागिता के साथ पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को शासकीय योजनाओं का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक उसका लाभ पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्ट्रेट आवास में फहराया तिरंगा

77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अपने कलेक्टर आवास में ध्वजारोहण किया और उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान लागू होने के स्मरण का दिन है जो देश के लोकतंत्र और न्याय के मूल्यों की रक्षा करता है। उन्होने सभी को इसके आदर्शों को आत्मसात करने एवं अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ पालन करने प्रेरित किया।
हर्षोल्लास से सम्पन्न हुआ 77वां गणतंत्र दिवस समारोह

