रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर में आरटीई सीटों को लेकर चल रहे विवाद के बीच नया मामला सामने आया है। सीट निर्धारण प्रक्रिया में गड़बड़ी पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने 11 निजी स्कूलों के नोडल अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

अधिकारियों के मुताबिक आरटीई के तहत सीट प्रोटेक्शन और निर्धारण में त्रुटियां पाई गई हैं। जांच में सामने आया कि वास्तविक छात्र संख्या और स्कूल के माध्यम के आधार पर सीटों का निर्धारण अलग होना चाहिए था, लेकिन कई जगह गलत तरीके से सीटें सुरक्षित कर दी गईं। अब इन त्रुटियों को सुधारते हुए संशोधित सीट निर्धारण जारी किया गया है और संबंधित नोडल अधिकारियों से जवाब मांगा गया है। नोटिस पाने वालों में प्रेमशीला एक्का, शोभा वर्मा, अनुराग ओझा, स्मृति शर्मा, राम बंदारु, शिवपाल सिंह चंद्रा, नीटा एंटोनी, वंदना अग्रवाल और हेमवती चिवाने समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं।
निजी स्कूल जांच के दायरे में
सूची में शामिल स्कूल मंदिर हसौद, तामासिवनी, उरला, रामनगर बस्ती, परसदा और अमलीडीह क्षेत्र से जुड़े हैं। जांच में पाया गया कि कुछ स्कूलों में हिंदी माध्यम के आधार पर सीट प्रोटेक्शन किया गया, जबकि स्कूल वास्तव में अंग्रेजी माध्यम में संचालित पाए गए। इसके अलावा कुछ स्कूलों में छात्र संख्या कम या ज्यादा होने के बावजूद उसी आधार पर सीटों का निर्धारण कर दिया गया, जिससे सीट प्रावधान में गड़बड़ी सामने आई।
छात्र संख्या के अनुपात में सीटों में संशोधन
इसी तरह फंडहर क्षेत्र के कई निजी स्कूलों में भी छात्र संख्या के अनुपात में सीट निर्धारण में त्रुटि पाई गई। उदाहरण के तौर पर कहीं 26 सीटों के आधार पर प्रोटेक्शन किया गया था, जिसे सुधार के बाद 30 सीटों के अनुसार किया गया। कुछ अन्य स्कूलों में भी संशोधन करते हुए 86 की जगह 89 और 12 की जगह 13 सीटों के आधार पर नया निर्धारण किया गया है। जिला शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों से जल्द स्पष्टीकरण देने को कहा है।
आरटीई : नर्सरी में प्रवेश बंद, 33 हजार स्कूलों की सीटें हुई कम

