पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 से भाजपा संगठन को मिल रही नई ऊर्जा
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कोरबा द्वारा 13 मार्च से जिले के विभिन्न मंडलों में मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है जो 30 मार्च तक चलेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में जिले के 24 मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से इस प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं।
सीएसईबी सीनियर क्लब, कोरबा में कोसाबाड़ी मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ ध्वजारोहण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी थे, जबकि सत्र की अध्यक्षता कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर ने की। द्वितीय सत्र में जिला संगठन सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया, और सत्र की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह ने की। प्रशिक्षण वर्ग में सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चावलानी, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, जिला मंत्री सतीश झा, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रशिक्षण में सात मुख्य विषय शामिल किए गए हैं: भाजपा का वैचारिक अधिष्ठान, भाजपा का इतिहास एवं विकास, कार्य विस्तार की दृष्टि, पार्टी की कार्य पद्धति, सरकार की उपलब्धियां एवं उनका क्रियान्वयन, मीडिया-सोशल मीडिया एवं डिजिटल एप का उपयोग, और बूथ प्रबंधन।
जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने दिया राष्ट्रहित का संदेश
मुख्य वक्ता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने पार्टी के गौरवशाली इतिहास और विचारधारा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की जड़ें भारतीय जनसंघ से जुड़ी हैं, जिसकी स्थापना महान राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। मोदी ने कहा कि पार्टी ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य किया है, और यही कारण है कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन बनकर उभरी है।
संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता : बृजेन्द्र शुक्ला
द्वितीय सत्र में बृजेन्द्र शुक्ला ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, मां भारती, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की विचारधारा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और प्रशिक्षित कार्यकर्ता हैं। प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा और कार्य विस्तार के लक्ष्यों से जोड़ा जाता है, जिससे बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत किया जा सके और विचारधारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा सके।

