रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ आज से हो गया है और पूरे छत्तीसगढ़ में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कोरबा के सर्वमंगला मंदिर, मड़वारानी मंदिर और भवानी मंदिर में तड़के से ही लंबी कतारें लग गईं, जहां भक्त मां के दर्शन के लिए पहुंचे।
बिलासपुर के महामाया मंदिर में विशेष सजावट की गई है। यहां करीब 2 क्विंटल फूलों से मां का दरबार सजाया गया है और सुबह से ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं। अंबिकापुर, दंतेवाड़ा और डोंगरगढ़ के प्रमुख मंदिरों में भी भक्तों का तांता लगा हुआ है। प्रदेश के प्रमुख देवी मंदिरों—दंतेश्वरी, बम्लेश्वरी और महामाया मंदिरों में विशेष आरती के साथ मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं। इस बार देश ही नहीं, बल्कि विदेश और एनआरआई श्रद्धालुओं ने भी ज्योति कलश के लिए अग्रिम बुकिंग कराई है। पूरे प्रदेश में एक लाख से अधिक ज्योति कलश जलाए जा रहे हैं। नवरात्रि के अवसर पर डोंगरगढ़ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। यहां 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज दिया गया है, जबकि 19 से 27 मार्च तक 4 लोकल ट्रेनों का विस्तार किया गया है। साथ ही डोंगरगढ़-दुर्ग के बीच स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है।
सर्वमंगला मंदिर में सुबह से लगी भक्तों की लाइन

चैत्र नवरात्रि के पहले दिन कोरबा जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। सर्वमंगला मंदिर, मड़वारानी मंदिर और भवानी मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह सूरज निकलते ही भक्त मंदिरों की ओर रवानगी होने लगे और कई स्थानों पर दर्शन के लिए लोग घंटों लाइन में खड़े रहे। मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। महिलाएं और पुरुष सभी अपनी परंपराओं के अनुसार मां के दर्शन और पूजा-अर्चना में जुटे हुए थे। कुछ श्रद्धालु परिवार के साथ आए थे तो कई अपने दोस्तों और समूहों के साथ दर्शन कर रहे थे। मंदिरों में विशेष रूप से सजावट की गई थी, दीपक और फूलों से मां का दरबार सजा हुआ था।
जयकारों से गूंजा माता शीतला मंदिर परिसर
राजनांदगांव के प्राचीन माता शीतला मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। मंदिर परिसर जयकारों और मंत्रोच्चार से गूंजता रहा। पुजारियों के अनुसार, यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ज्योति कलश के लिए बुकिंग कराई है। रायपुर के बंजारी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। यहां छात्र-छात्राओं के समूह ने दर्शन के बाद मंदिर परिसर में सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बनाया।
महामाया मंदिर में विशेष पूजा
रतनपुर स्थित महामाया मंदिर में सुबह 5 बजे पट खुलते ही विशेष अनुष्ठान शुरू हुआ। पुरोहितों द्वारा मां का अभिषेक कराया गया और 101 पंडितों ने विधि-विधान से घटस्थापना की। मंदिर में करीब 25 हजार ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए। नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जा रही है, और श्रद्धालुओं का दिनभर आना-जाना जारी है।

