मथुरा (एजेंसी)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज से भेंट कर करीब 25 मिनट तक आध्यात्मिक चर्चा की। सुबह करीब 7 बजे हल्की बारिश के बीच राष्ट्रपति अपने परिवार के साथ वृंदावन स्थित आश्रम पहुंचीं। यहां उन्होंने संत को हाथ जोड़कर प्रणाम किया, जिस पर संत ने राधे-राधे कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। आश्रम में संतों ने माला और चुनरी ओढ़ाकर राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने संत को उनके जन्मदिन की बधाई भी दी। बता दें कि संत प्रेमानंद महाराज का 19 मार्च को 56वां जन्मदिन था।

राष्ट्रपति इन दिनों उत्तरप्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने राम मंदिर अयोध्या में रामलला के दर्शन किए और मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इसके बाद शाम को मथुरा पहुंचीं। शुक्रवार को संत से मुलाकात के बाद उनका कार्यक्रम नीब करौरी बाबा आश्रम जाने का है। इसके पश्चात वे रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अत्याधुनिक कैंसर यूनिट का उद्घाटन करेंगी।
भाव-विभोर नजर आईं राष्ट्रपति
आध्यात्मिक चर्चा के दौरान राष्ट्रपति भाव-विभोर नजर आईं। इस अवसर पर उनके साथ उनकी पुत्री इतिश्री मुर्मू, दामाद गणेश हेम्ब्रम तथा नातिनें आद्याश्री और नित्याश्री भी मौजूद रहीं। केलीकुंज आश्रम में राष्ट्रपति और उनके परिजनों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। चर्चा के दौरान कुटिया में केवल राष्ट्रपति, उनके परिजन और संत के निकट सहयोगी ही उपस्थित रहे।
राम मंदिर में रामयंत्र की स्थापना की
अपने दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति ने अयोध्या में रामदरबार में राम यंत्र की स्थापना की थी। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने उन्हें मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। राष्ट्रपति ने कहा कि अयोध्या जैसे पवित्र स्थल पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। मथुरा प्रवास के दौरान राष्ट्रपति ने इस्कॉन मंदिर वृंदावन में राधा-श्याम सुंदर के दर्शन-पूजन किए और मंदिर की साज-सज्जा की सराहना की। यहां उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उन्हें चॉकलेट भी वितरित की। इसके बाद उन्होंने प्रेम मंदिर वृंदावन में भी दर्शन-पूजन किया।

