सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। अंबिकापुर नगर निगम में पदस्थ रेवेन्यू इंस्पेक्टर हबीब खान से 45 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला, जो पिछले कई वर्षों से उनके घर देशी घी बेचने आती थी उसने भरोसे का फायदा उठाकर नकली सोने के बिस्किट के बदले असली गहने और नकदी हड़प ली।

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला मंजू राठौर खुद को राजस्थान के किशनगढ़ की निवासी बताती थी, जबकि वह मूल रूप से गुजरात की रहने वाली निकली। वह करीब 6-7 वर्षों से अधिकारी के घर आना-जाना कर विश्वास जीत चुकी थी। इसी दौरान उसने अपनी बेटी की शादी का झांसा देकर 50 तोला नकली सोने का बिस्किट दिखाया और गहने बनवाने की बात कही। 7 मार्च को वह अपने दो साथियों के साथ फिर अधिकारी के घर पहुंची और तत्काल शादी का हवाला देते हुए नकली सोने का बिस्किट देकर बदले में 20 तोला (लगभग 200 ग्राम) असली सोने के जेवर और 15 लाख रुपये नकद ले गई। आरोपी महिला को पहले से जानकारी थी कि अधिकारी ने अपनी बेटी की शादी के लिए गहने तैयार कर रखे हैं। कुछ ही देर बाद संदेह होने पर अधिकारी सोने के बिस्किट की जांच कराने पहुंचे, जहां वह नकली निकला। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
गुजरात और यूपी से पकड़ाए
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुजरात के राजकोट से मंजू राठौर और उसके सहयोगी संतोष राठौर को गिरफ्तार किया। उनके पास से 7.78 लाख रुपये नकद और करीब 50 ग्राम सोने का कड़ा बरामद किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से सुनीता गुजराती और कमला गुजराती को भी गिरफ्तार किया। इनके पास से 12.53 लाख रुपये नकद और लगभग 50 ग्राम सोने का कड़ा बरामद हुआ है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और ठगी में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

