राजनांदगांव (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में अवैध धर्मांतरण का संगठित नेटवर्क चलाने के आरोप में 55 वर्षीय डेविड चाको को गिरफ्तार किया गया है। उस पर लोगों को पैसे और अन्य लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने और बिना अनुमति के आश्रम चलाने का आरोप है।

मामला लालबाग थाना क्षेत्र की सुकुलदेहन पुलिस चौकी का है। पुलिस के अनुसार 8 जनवरी को मिली शिकायत के बाद जांच में पता चला कि डेविड चाको अपने निवास पर प्रार्थना सभाओं की आड़ में लोगों को इकट्ठा करता था और उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए उकसाता था। आरोपी बिना वैधानिक अनुमति के आश्रम चला रहा था, जिसमें नाबालिग बच्चों को भी रखा गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल, सोलर चार्ज्ड प्रोजेक्टर, चर्च रजिस्टर, सदस्यता सूची, एप्लिकेशन फॉर्म और ट्रेनिंग डॉक्यूमेंट्स बरामद किए हैं। इसके अलावा धर्मांतरण से जुड़ी आपत्तिजनक पुस्तकें और दस्तावेज भी जब्त किए गए। पुलिस ने विदेशी फंडिंग की संभावना भी जताई है और आरोपी के बैंक खातों की जांच शुरू की है। डेविड चाको के खिलाफ छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और भारतीय दंड संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया गया। उसे 21 मार्च को न्यायालय में पेश किया गया, जहां पुलिस रिमांड की मांग कर रही है।
कौन है डेविड चाको
जानकारी के अनुसार डेविड चाको मूल रूप से केरल के एर्नाकुलम जिले का रहने वाला है और पिछले कई सालों से राजनांदगांव में रह रहा था। पुलिस के अनुसार वह छह महीने भारत और छह महीने अमेरिका में रहता था, जिससे उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है। डिजिटल रिकॉर्ड और तस्वीरों में वह प्रार्थना सभाओं और बपतिस्मा क्रियाओं में पास्टर की भूमिका में दिखाई देता है।

