महासमुंद (AkhandBharatHNKP.Com)। महासमुंद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गांजा ओडिशा के संबलपुर से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ले जाया जा रहा था। तस्करी को छिपाने के लिए पिकअप वाहन में ऊपर से तरबूज लोड किए गए थे, जबकि नीचे प्लास्टिक की बोरियों में गांजा रखा गया था। इसके साथ ही पिकअप वाहन को सुरक्षित निकालने के लिए एक कार भी आगे-आगे चल रही थी, जिसमें सवार लोग रास्ते पर नजर रख रहे थे। बताया जा रहा है कि सिंघोड़ा थाना प्रभारी संतोष सिंह को शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा के पास एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक हुंडई कार और उसके पीछे आ रहे संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई।
9 बोरियों में गांजा बरामद
प्रारंभिक पूछताछ में पिकअप सवारों ने वाहन में केवल तरबूज होने की बात कही, लेकिन शक होने पर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान तरबूज के नीचे छिपाई गई 9 बोरियों में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने पिकअप और कार में सवार सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा तस्करी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वे इसे संबलपुर से चित्रकूट ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में सतीश गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, सूरज गुप्ता और योगेश कुशवाहा उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जबकि हरिबाबू वर्मा और रामबाबू वर्मा मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।
सभी के खिलाफ हो रही कार्रवाई
एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है, जिसमें गांजा, एक पिकअप वाहन, एक हुंडई कार और 6 मोबाइल फोन शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ व ट्रैफिक उल्लंघनों पर चलाया सघन अभियान, गांजा के साथ आरोपी गिफ्तार

