महासमुंद (AkhandBharatHNKP.Com)। महासमुंद जिले में पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर 4 थाना क्षेत्रों से 6 क्विंटल 85 किलो गांजा और 700 नशीली टैबलेट बरामद की है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत 4 करोड़ 61 लाख रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में 13 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई बसना, कोमाखान, सिंघोड़ा और सिटी कोतवाली महासमुंद थाना क्षेत्रों में की गई। गिरफ्तार आरोपियों में 6 छत्तीसगढ़ और 7 ओडिशा, मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश के निवासी शामिल हैं। तस्कर ड्राई फ्रूट से भरे ट्रक, घरेलू सामान और पैकर्स एंड मूवर्स की आड़ में नशे की तस्करी कर रहे थे। यह खेप ओडिशा से यूपी, एमपी और राजस्थान भेजी जा रही थी।
चार थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई
कोमाखान थाना क्षेत्र में एनएच-353 टेमरी नाका पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 25 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं एक कार से 200 किलो गांजा बरामद कर उत्तरप्रदेश के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बसना थाना क्षेत्र में पैकर्स एंड मूवर्स की आड़ में घरेलू सामान के नीचे छिपाकर 454.890 किलो गांजा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने राजस्थान निवासी चालक को गिरफ्तार कर 2.38 करोड़ रुपए का गांजा बरामद किया। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो आरोपियों से 6 किलो गांजा जब्त किया गया। वहीं सिटी कोतवाली महासमुंद में रेलवे स्टेशन के पास रेड कार्रवाई कर 700 नशीली गोलियां बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, पिकअप, दो कार और एक बाइक सहित कई वाहनों को जब्त किया है। गांजे की अनुमानित कीमत 3.42 करोड़ रुपए और कुल जब्ती 4.61 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। जांच में ओडिशा, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से जुड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। कुछ मामलों में सप्लायर और लॉजिस्टिक से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है, जबकि कुछ आरोपी फरार हैं।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
इस बड़े ऑपरेशन में बिलासपुर पुलिस और रायपुर क्राइम ब्रांच का भी सहयोग रहा। महासमुंद पुलिस ने पिछले तीन महीनों में 63 मामले दर्ज कर 4054 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है और 165 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

