अंबिकापुर – कोलकाता – दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू, पहले दिन 3 यात्री ही मिले

      Date:

      सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। अंबिकापुर अब देश के दो प्रमुख महानगर कोलकाता और दिल्ली से सीधे हवाई मार्ग से जुड़ गया है। एलायंस एयर द्वारा अंबिकापुर-कोलकाता और अंबिकापुर-दिल्ली के बीच नियमित उड़ान सेवा शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिला है।

          हवाई मार्ग

          एलायंस एयर द्वारा अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट सप्ताह में दो दिन गुरुवार और शनिवार को संचालित की जा रही है। गुरुवार को फ्लाइट बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंची और वहां से कोलकाता के लिए रवाना हुई। पहले दिन अंबिकापुर से कोलकाता के लिए मात्र तीन यात्रियों ने यात्रा की। यह फ्लाइट सुबह 10:25 बजे अंबिकापुर से रवाना हुई। शनिवार को भी यह सेवा अंबिकापुर से बिलासपुर होते हुए कोलकाता तक संचालित होगी। इस रूट पर 72 सीटों वाले विमान का उपयोग किया जा रहा है। वहीं, अंबिकापुर-दिल्ली के बीच भी हवाई सेवा इसी सप्ताह प्रारंभ की गई है।

          इस सेवा का वर्चुअल शुभारंभ 30 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया गया। दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई, जिसमें सांसद चिंतामणि महाराज भी सवार रहे। अंबिकापुर-दिल्ली फ्लाइट सप्ताह में सोमवार और बुधवार को संचालित की जा रही है। इस रूट का किराया लगभग 6,500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अंबिकापुर-कोलकाता का बेस फेयर करीब 6,000 रुपये रखा गया है। इस नई हवाई सेवा के साथ अंबिकापुर अब सीधे दो बड़े महानगरों से जुड़ गया है, जिससे यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं पर्यटन विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

          रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी सेवा के लिए भी पहल

          रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में भी पहल तेज हो गई है। सांसद चिंतामणि महाराज और मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से इस संबंध में मांग की है। साथ ही इंडिगो एयरलाइन से भी इस रूट पर चर्चा की गई है। हालांकि, अभी तक किसी भी एयरलाइन ने विंटर शेड्यूल में इस प्रस्तावित रूट को शामिल नहीं किया है, लेकिन जल्द ही इस सेवा के शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related