कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर निगम ने शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सड़क पर सेनेटरी वेस्ट फेंकने के मामले में पहली बार जुर्माने की कार्रवाई की है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी एवं उनकी टीम ने पं. रविशंकर शुक्ल नगर कॉलोनी के एमआईजी साइट में कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति पर 500 रुपये का अर्थदंड लगाया।
स्वच्छता अमले ने मौके पर ही जुर्माने की राशि निगम कोष में जमा कराई और स्थल की तत्काल साफ-सफाई भी कराई। साथ ही संबंधित व्यक्ति को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही पाए जाने पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नियमित सफाई कार्यों के साथ विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों में कचरा फेंककर व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। निगम ने ऐसे लोगों पर निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है।
शहर को स्वच्छ रखना सबकी जिम्मेदारी : आयुक्त
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फेंकें, इससे शहर की स्वच्छता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए हर नागरिक को जागरूक होकर सहयोग करना होगा। निगम ने घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित की है। नागरिकों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखने तथा स्वच्छता कर्मियों को पृथक रूप से देने की अपील की गई है। साथ ही सेनेटरी वेस्ट को भी अलग से संग्रहित कर निर्धारित माध्यम से ही निस्तारित करने की हिदायत दी गई है।

