कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 38 लालघाट चेकपोस्ट बस्ती में नवनिर्मित रजत जयंती उद्यान का लोकार्पण कर इसे आमजन की सेवा के लिए समर्पित किया। इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा बालको जोन अंतर्गत 21 लाख 50 हजार रुपये की लागत से इस सर्वसुविधायुक्त उद्यान का निर्माण कराया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत जयंती वर्ष के तहत उद्यान का नाम रजत जयंती उद्यान रखा गया है।

इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था और आज राज्य अपने विकास के 25 वर्ष पूरे कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह उद्यान क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है, जो जनसेवा के उद्देश्य से समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल में प्रदेश ने ऐतिहासिक विकास देखा और अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य तेजी से सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सभी वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, चेतन सिंह मैत्री, सत्येन्द्र दुबे, मुकुंद सिंह कंवर, मंगल बंदे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
तेजी से हो रहा नगर का विकास
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि रजत जयंती वर्ष में लालघाट क्षेत्र के नागरिकों को यह उद्यान एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है और आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है।
अंजनीकुंज में नवनिर्मित डोम का उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया लोकार्पण

