दुर्ग-भिलाई (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम रीना यादव है। उनके पति ललितेश यादव एसटीएफ में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। वे छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे। शनिवार सुबह करीब 6 बजे वे रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने गए थे। इसी दौरान आरोपी महिला घर पहुंची और वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) ने रीना यादव पर चाकू से 18 बार और सो रहे 9 वर्षीय बेटे आदित्य पर 14 बार हमला किया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हमले के दौरान रीना यादव ने बेटियों को बचने के लिए भागने को कहा। एक बेटी तानिया (11) किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी नैना (12) बाथरूम में छिप गई। दोनों घायल बताई जा रही हैं। मृतका के पति ललितेश यादव ने बताया कि आरोपी महिला से उनकी पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। महिला शादी कर साथ रहने का दबाव बना रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, तब उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सौंप दिया। सीएसपी भिलाई सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले में हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और विवाद की आशंका जताई जा रही है।

