डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर रिटायर्ड प्रोफेसर से 1.4 करोड़ की ठगी, 7 दिन तक रखा मानसिक दबाव में

      Date:

      बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बिलासपुर में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड महिला प्रोफेसर को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर करीब 1.4 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने 7 दिनों तक उन्हें मानसिक दबाव में रखा, टेरर फंडिंग जैसे गंभीर आरोपों का भय दिखाया और परिवार को जेल भेजने की धमकी देकर पैसे ऐंठते रहे।

          बता दें कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाली 82 वर्षीय रिटायर्ड प्रोफेसर को 20 अप्रैल को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए उन पर प्रतिबंधित संगठन को फंडिंग करने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्हें लगातार डराया-धमकाया गया और वीडियो कॉल के जरिए लंबे समय तक डिजिटल अरेस्ट में रखा गया। ठगों ने सुप्रीम कोर्ट और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नाम से फर्जी नोटिस और दस्तावेज भेजकर महिला को विश्वास में लिया। साथ ही फर्जी बैंक स्टेटमेंट और डेबिट कार्ड दिखाकर मामला गंभीर बताया। उन्होंने महिला को किसी से संपर्क न करने की चेतावनी दी और बेटे-पोते को भी गिरफ्तार करने की धमकी दी। डर के कारण महिला ने किसी को जानकारी नहीं दी और ठगों के निर्देश पर अलग-अलग तारीखों में चार बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।

          बेटे से मांगी 50 लाख, तब खुला राज

          ठगों ने 50 लाख रुपए की और मांग की। जब महिला के पास पैसे खत्म हो गए, तब उन्होंने मुंबई में रहने वाले अपने बेटे को फोन कर 50 लाख रुपए भेजने को कहा और जेल जाने का डर जताया। बेटे को शक हुआ और वह तुरंत बिलासपुर पहुंचा। पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

          बढ़ रहे डिजिटल अरेस्ट के मामले

          बिलासपुर में डिजिटल अरेस्ट के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। खासकर बुजुर्ग, रिटायर्ड कर्मचारी और व्यापारी इस तरह की ठगी का ज्यादा शिकार हो रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में ऐसे कई बड़े मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें करोड़ों रुपए की ठगी की गई है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की तुरंत शिकायत करने की अपील की है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              बिल्डर चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर ईडी का छापा, वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही टीम

              दुर्ग-भिलाई (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अमर इंफ्रा ग्रुप के...