अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग पर किसी एक देश का नियंत्रण स्वीकार नहीं, ईरान को भी दी चेतावनी
वॉशिंगटन डीसी (एजेंसी)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान के बाद ओमान पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए तीखा बयान दिया है। ट्रम्प ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग है और इस पर किसी एक देश का नियंत्रण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
व्हाइट हाउस में आयोजित कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रम्प ने कहा कि दुनिया के सभी देशों के जहाजों को इस समुद्री मार्ग से गुजरने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए रखेगा और किसी भी देश को इसे नियंत्रित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रम्प ने आरोप लगाया कि ईरान इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर प्रभाव बढ़ाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन ऐसा होने नहीं दिया जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने ओमान को लेकर भी कड़ा बयान देते हुए कहा कि उसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप व्यवहार करना होगा।
चुनावी परिस्थितियों की चिंता नहीं
इससे पहले ट्रम्प ने ईरान को लेकर कहा था कि तेहरान को उम्मीद थी कि अमेरिका बातचीत के मुद्दे पर पीछे हट जाएगा, लेकिन अब उसके पास समझौते के अतिरिक्त सीमित विकल्प बचे हैं। ट्रम्प ने यह भी कहा कि उन्हें राजनीतिक दबाव अथवा चुनावी परिस्थितियों की चिंता नहीं है और राष्ट्रीय हितों के मुद्दे पर अमेरिका अपने रुख पर कायम रहेगा।

