कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनटीपीसी कोरबा में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 28 मई से 5 जून तक चले सप्ताहव्यापी आयोजन में कर्मचारियों, उनके परिजनों, विद्यार्थियों तथा विभिन्न हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

इस दौरान क्विज, निबंध लेखन, स्लोगन लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रमों में सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिला। विश्व पर्यावरण दिवस पर एनटीपीसी टाउनशिप परिसर में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह अभियान पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की “एक पेड़ मां के नाम” पहल के तहत आयोजित किया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी की गर्ल एम्पावरमेंट मिशन (जीईएम) से जुड़ी बालिकाओं ने भी उत्साह के साथ पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरणीय जिम्मेदारियों और सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान
एनटीपीसी कोरबा के परियोजना प्रमुख किशोर चंद्र पात्रा ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी कोरबा द्वारा अब तक 30 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सतत विकास के लिए पर्यावरण संरक्षण को अत्यंत आवश्यक बताया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पर्यावरण विभाग के उप महाप्रबंधक मुनेश कुमार विश्वकर्मा ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में उनके योगदान की सराहना की।


