बुधवारी कांशीनगर स्लम बस्ती का निरीक्षण, गंगासागर तालाब की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने मंगलवार को बुधवारी कांशीनगर स्लम बस्ती का निरीक्षण कर स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया कि शहर के प्रत्येक घर से नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी घर इस व्यवस्था से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि अपशिष्ट संग्रहण कार्य से संबंधित रजिस्टर और लॉग बुक का नियमित संधारण किया जाए। साथ ही कचरा संग्रहण वाहनों की आवाजाही का रिकॉर्ड भी व्यवस्थित रूप से रखा जाए, ताकि व्यवस्था की सतत निगरानी की जा सके। बस्ती भ्रमण के दौरान आयुक्त ने गंगासागर तालाब की स्थिति का अवलोकन किया और संबंधित अभियंताओं को तालाब की संपूर्ण सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है, विशेषकर बारिश के मौसम को देखते हुए सफाई कार्यों में तेजी लाई जाए। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर दिन के समय स्ट्रीट लाइट जलती हुई पाई गई। इस पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय पर स्ट्रीट लाइट चालू और बंद कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली की अनावश्यक खपत रोकने के लिए नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है।
बरसात से पहले नाला-नालियों की सफाई पूरी करने पर जोर
आयुक्त पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के आगमन से पूर्व सभी नालों और नालियों की सफाई का कार्य अभियान चलाकर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बड़े नालों की सफाई के बाद भी लगातार निगरानी रखी जाए और कहीं भी कचरा जमा होने पर तत्काल सफाई कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी बाधित न हो।
सीसी रोड निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान
भ्रमण के दौरान आयुक्त ने क्षेत्र में निर्माणाधीन सीसी रोड का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने तथा तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
चौपाटी की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
आयुक्त ने स्मृति उद्यान के पीछे स्थित चौपाटी का भी निरीक्षण किया। यहां कुछ स्थानों पर कचरा बिखरा मिलने और समय पर उठाव नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। निगम अमले को निर्देशित किया गया कि सुबह निर्धारित समय में सफाई कार्य पूर्ण कर कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान पार्षद पंकज देवांगन, सुखसागर निर्मलकर, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक सुनील वर्मा, अजीत परमहंस सहित निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मकान सूचीकरण कार्य का आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, प्रगणकों को दिए आवश्यक निर्देश

